[post-views]

टाटा सफारी के लालच में एेसी फंसी महिला कि गंवा दिए आठ लाख रुपये

37

PBK NEWS | अंबाला शहर। ऑनलाइन शॉपिंग साइट से खरीदारी करने वाली एक महिला से इनाम में टाटा सफारी निकलने का लालच देकर साढ़े आठ लाख रुपये की ठगी कर ली गई। कंपनी से बात करने पर अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी न होने की बात कही। इस पर शहर के मिलाप नगर निवासी सुनीता ग्रोवर ने मामले की शिकायत एसपी अभिषेक जोरवाल को दी। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद मंगलवार देर रात राज मल्होत्रा व अमित राज के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश आरंभ कर दी गई। यह घटनाक्रम इसी वर्ष मार्च व अप्रैल माह में हुआ।

पुलिस को दी शिकायत में सुनीता ने बताया कि वह होम शॉप-18 वेबसाइट से सामान मंगवाती रही है। 29 मार्च को राज मल्होत्रा नाम के व्यक्ति ने उसे फोन पर बताया कि होम शॉप में शॉपिंग करने पर उनकी टाटा सफारी गाड़ी इनाम में निकली है, जिसका मूल्य 12.50 लाख रुपये है। वे सफारी या राशि, दोनों में से एक इनाम ले सकती हैं। इसके बाद अभियुक्त अमित राज ने कंपनी कर्मचारी बनकर उन्हें फोन किए। उसे कंपनी की तरफ से इनाम का मैसेज भी किया गया। ऐसे में उन्हें पूरा विश्वास हो गया।

राज मल्होत्रा ने कहा कि यदि वह इनाम की राशि चाहती हैं तो उन्हें टैक्स के तौर पर कुछ रकम जमा करवानी होगी। इसके बाद सुनीता ने राज मल्होत्रा के कहे अनुसार बैंक खाते में 30 मार्च को 18000, 31 को 37500, 4 अप्रैल को 43000, 7 को 44000, 17 को 1.25 लाख, 24 को 25000 व अन्य तारीखों पर पैसे डलवाए जो कि कुल 8,66,505 रुपये बने।

उसके बाद जब वह उनसे इनाम की बात करती तो वह इधर-उधर की बातें करने लगते। अंत में फोन उठाना बंद कर दिया। आर्थिक अपराध शाखा की जांच में आरोपों को सही पाया गया। चौकी नंबर 5 इंचार्ज सुखदेव ङ्क्षसह के अनुसार केस की तफ्तीश जारी है। दस्तावेज एकत्रित किए जा रहे हैं। अभियुक्तों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments are closed.