[post-views]

अमित शाह के दौरे से पहले ग्राउंड रिपोर्ट तैयार करने में जुटी भाजपा

34

PBK NEWS | चंडीगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के तीन दिन के हरियाणा दौरे को लेकर पार्टी संगठन ग्राउंड रिपोर्ट तैयार करने में जुट गया है। केंद्रीय समन्वयक अरविंद मेनन जहां बृहस्पतिवार को रोहतक में बैठक लेंगे। वहीं इसके अगले दिन राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह पानीपत, सोनीपत, रोहतक में कार्यकर्ताओं  से रूबरू होकर रिपोर्ट जुटाएंगे। अगले तीन दिन में शाह के हरियाणा दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश मीडिया विभाग प्रमुख राजीव जैन के मुताबिक हरियाणा प्रवास के दौरान अमित शाह संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ भविष्य के लक्ष्यों पर भी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देने वाले हैं। संगठन की बीते तीन वर्ष की उपलब्धियों पर चर्चा और बूथ स्तर पर संगठन विस्तार का प्रारूप तैयार करने के लिए 20 जुलाई को रोहतक के कैनाल रेस्ट हाउस में प्रदेश स्तरीय बैठक बुलाई गई है।

इसमें प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट के साथ-साथ सभी संगठनात्मक विभाग व प्रकल्पों के प्रांतीय प्रमुख उपस्थित रहेंगे। बैठक में केंद्रीय समन्वयक अरविंद मेनन विशेष तौर पर उपस्थित रहेंगे। इसके बाद 21 जुलाई से राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह दो दिवसीय प्रवास पर हरियाणा आएंगे।

पहले दिन वह सुबह पानीपत में जिला कार्यकारिणी की बैठक लेंगे। इसके बाद चिड़ाना (सोनीपत) में बूथ स्तरीय बैठक, मंडल गोहाना की कार्यसमिति की बैठक और गोहाना में ही व्यक्तिगत वार्ता करते हुए रोहतक पहुचेंगे। 22 जुलाई को वह रोहतक में विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठ की बैठकें लेकर संगठनात्मक तौर पर जानकारी लेंगे।

26 व 27 जुलाई को जींद में प्रदेश कार्यकारिणी की पहले ही घोषणा की जा चुकी। इसमें 26 जुलाई को प्रदेश पदाधिकारी एवं जिलाध्यक्ष हिस्सा लेंगे, जबकि 27 जुलाई को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शिरकत करेंगे। प्रदेश कार्यकारिणी के दौरान अल्पकालीन शताब्दी विस्तारक योजना की समीक्षा एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही पार्टी संगठन की भविष्य की रणनीति भी तैयार होगी।

Comments are closed.