[post-views]

आज राष्‍ट्रपति करेंगे कुरुक्षेत्र में अंतरराष्‍ट्रीय गीता जयंती महोत्‍सव का आगाज

55

PBK NEWS | कुरुक्षेत्र। आज धर्मनगरी कुरुक्षेत्र ब्रह्मसरोवर के पवित्र तट पर शनिवार को मंत्रोच्चारण के साथ अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का शंखनाद होगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दोपहर 12:35 बजे गीता पूजन के साथ नौ कुंडीय यज्ञ में पूर्णाहुति डालकर महोत्सव की शुरुआत करेंगे। इसको लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। ब्रह्म सरोवर सहित पूरे कुरुक्षेत्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।

राष्ट्रपति कोविंद इस दौरान पुरुषोत्तमपुरा बाग में 48 कोस परिक्रमा और सरस्वती हेरीटेज व हरियाणा के स्वर्ण इतिहास पर लगाए गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। महोत्‍सव का खास अाकर्षण 200 विद्यार्थियों द्वारा गीतापाठ होगा। ये विद्यार्थी गीता के श्लोकों का संवेद उच्चारण करेंगे। इसके बाद राष्‍ट्रपति केडीबी रोड पर गीता ज्ञानम संस्थानम में शोध केंद्र की आधारशिला रखेंगे। महामहिम कुरुक्षेत्र विश्‍वविद्यालय में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी में भी बतौर मुख्य मेहमान शिरकत करेंगे। संगोष्‍ठी में गीता मनीषी अपने विचार रखेंगे।

एयरफोर्स स्टेशन से विशेष हेलीकॉप्टर से कुरुक्षेत्र जाएंगे राष्ट्रपति

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद महोत्सव में जाने से पहले अंबाला के एयरफोर्स स्टेशन पर सेना के विशेष विमान से उतरेंगे और फिर हेलीकाप्टर से कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। राष्ट्रपति आगमन को लेकर शुक्रवार को अंबाला रेंज के आइजी एवं एडीपीजी डॉ. आरसी मिश्रा ने एयरफोर्स स्टेशन के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर एक ट्रायल भी किया।

राष्ट्रपति कोविंद के आगमन पर अंबाला के एयरफोर्स स्टेशन के अंदर ही प्रशासनिक, सेना और एयरफोर्स से जुड़े अधिकारी स्वागत करेंगे। वह करीब 15 मिनट तक अंबाला एयरफोर्स स्टेशन में रुकेंगे। राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी और बेटी भी होंगी। सुरक्षा के लिहाज से शुक्रवार सुबह से ही एयरफोर्स स्टेशन और आसपास के क्षेत्र को छावनी में तबदील कर दिया गया है। यहां 500 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है।

News Source: jagran.com

Comments are closed.