[post-views]

आ गई दिल्ली की सर्दी, न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक लुढ़का

37

PBK NEWS | नई दिल्ली । दिल्ली की चिर परिचित सर्दी ने राजधानी में दस्तक दे दी है। सोमवार को औसत न्यूनतम तापमान में रविवार के मुकाबले करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम (9.4) दर्ज किया गया। औसत अधिकतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम (24.4) दर्ज किया गया। 23 नवंबर तक अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है।

पहाड़ों में बर्फबारी का असर 

मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों में बर्फबारी होने से दिल्ली में ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों की तरफ से ठंडी हवा दिल्ली पहुंच रही है। इसकी रफ्तार भी 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक है। इस वजह से दिन में भी ठंड का एहसास होने लगा है। 24 नवंबर तक औसत तापमान 21 और 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रहेगा। हवा में नमी का स्तर बढ़ने से 24 नवंबर से कोहरा भी बढ़ेगा। इसके बाद हवा की रफ्तार कुछ कम होगी और अगले कुछ दिनों तक कोहरा छाया रहेगा।

बढ़ेगी ठंड 

सोमवार को रिज सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी डॉ. महेश पलावत के अनुसार आसमान अभी साफ है, जिससे ठंड बढ़ेगी। मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 81 फीसद तक दर्ज किया जा रहा है।

पिछले दो साल नवंबर माह की बात करें, तो इस वर्ष यह सबसे ठंडा रहा। वर्ष 2016 में नवंबर में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस, वर्ष 2015 में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 11, वर्ष 2014 में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक गया था। वहीं इस बार नवंबर में अब तक 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

News Source: jagran.com

Comments are closed.