[post-views]

सुभाष चौक जाम से राहत की तैयारी, अतिरिक्त लेन पर काम तेज

136

बादशाहपुर, 21 मई, (अजय) : गुरुग्राम के सबसे व्यस्त और जाम प्रभावित क्षेत्रों में शामिल सुभाष चौक पर ट्रैफिक दबाव कम करने की दिशा में बड़ी पहल की तैयारी शुरू हो गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा यहां अतिरिक्त लेन विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है ताकि आने वाले समय में वाहन चालकों को जाम से राहत मिल सके।

गुरुग्राम-सोहना हाईवे स्थित सुभाष चौक पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। सुबह और शाम के समय यहां लंबा ट्रैफिक जाम आम समस्या बन चुका है। कार्यालय समय के दौरान वाहन चालकों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में ही लंबा समय लग जाता है।

एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के तहत अतिरिक्त लेन के निर्माण की संभावनाओं और उसके ट्रैफिक पर पड़ने वाले प्रभाव का अध्ययन किया जाएगा। फिजिबिलिटी रिपोर्ट के आधार पर आगे जमीन की आवश्यकता और परियोजना के स्वरूप पर निर्णय लिया जाएगा। माना जा रहा है कि इस योजना से ट्रैफिक प्रवाह बेहतर होगा और वाहन चालकों को बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिल सकती है।

इसके साथ ही राजीव चौक पर एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण की योजना पर भी काम चल रहा है। एनएचएआई का मानना है कि गुरुग्राम के प्रमुख जाम बिंदुओं पर एक साथ काम होने से पूरे यातायात नेटवर्क पर सकारात्मक असर पड़ेगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि गुरुग्राम में बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए केवल अस्थायी समाधान पर्याप्त नहीं होंगे। आने वाले वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक और मजबूत ट्रैफिक ढांचा तैयार करना जरूरी है।

Comments are closed.