[post-views]

हरियाणा को नंबर वन बनाने में सुखबीर कटारिया का अहम योगदान : सुनील जाखड़

56

गुड़गांव 4 अक्टूबर (अजय) : कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया ने गुड़गांव कांग्रेस सीट से अपना पर्चा दाखिल किया। नामांकन से पहले सुखबीर कटारिया के निवास पर एक जनसभा बुलाई गई, सभा में हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों को देख पंजाब प्रदेश के अध्यक्ष सुनील जाखड़ गदगद नजर आए, जनसभा में कार्यकर्ताओं का जोश देख सभी नेता फूले नहीं समा रहे थे। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए सुनील जाखड़ ने कहा कि आज वह सुखबीर कटारिया के नामांकन प्रक्रिया को पूरा कराने गुड़गांव पहुंचे हैं। यहां कार्यकर्ताओं का जोश यह बता रहा है कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत से बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि सुखबीर कटारिया ने पिछले 5 सालों में सरकार न रहते हुए भी पार्टी द्वारा दी गई सभी जिम्मेदारियों को गंभीरता के साथ निभाया, जिसका फल भी उन्हें मिला और पार्टी ने इन पर पूरा विश्वास दिखाते हुए गुड़गांव से अपना उम्मीदवार बनाया। सुखबीर कटारिया जमीनी नेता है, जो सभी वर्गों के विकास के बारे में सोचते हैं और कार्य करते हैं। उन्होंने पिछली सरकार में खेल मंत्री रहते हुए ना सिर्फ गुड़गांव बल्कि पूरे हरियाणा को नंबर वन बनाने में अपना अहम योगदान दिया है। सुखबीर कटारिया द्वारा हरियाणा में लाई गई खेल नीति की चर्चा आज भी कई अन्य प्रदेशों में भी होती है, क्योंकि सुखबीर कटारिया की खेल नीति पर चलने के बाद ही हरियाणा खेलों में न सिर्फ अपने देश में बल्कि विश्व में एक अलग ही पहचान बनाने में कामयाब हुआ है। सभी लोगों से अपील की कि सभी एकजुट होकर सुखबीर कटारिया का साथ दें और प्रचार-प्रसार में रात-दिन एक करते हुए कांग्रेस को बड़ी जीत दिलाने का काम करें।

Comments are closed.