[post-views]

अब सरकारी नौकरियों में चलेगा सिर्फ काबिलियत का जैक : मनोहर लाल

37

PBK NEWS | चंडीगढ़ : हरियाणा में जश्न-ए-आजादी के दौरान सरकार ने तीन साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए अगले दो साल का विजन भी दिखाया। राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल से लेकर सभी मंत्रियों ने विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। शाम को राजभवन में हुए एट होम में राज्यपाल सहित मुख्यमंत्री और कई मंत्रियों ने भागीदारी की।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को 71वें स्वतंत्रता दिवस पर गुरुग्राम में शहीदों को याद करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था और ई-तकनीक से सरकारी कामकाज की स्पीड बढ़ी है। तबादले एवं नौकरियों में पारदर्शिता आई है। मुख्यमंत्री ने कहा ‘मैंने हर गरीब, जरूरतमंद, सबसे कमजोर आदमी के हाथ काबिलियत का जैक पकड़ा दिया है। बस काबिलियत का जैक लगाओ और नौकरी पाओ।

सीएम ने कहा कि तबादलों में भ्रष्टाचार खत्म हो चुका। क्वालिटी एजुकेशन से आने वाली पीढिय़ां काबिल बनेंगी। सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण विभाग का गठन कर सैनिकों के आश्रित परिवारों को एक्सग्रेशिया ग्रांट 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। पेंशन भी बढ़ाई। जमीन की ऑनलाइन खरीद के लिए ई-भूमि पोर्टल शुरू किया गया है जिससे किसान सीधे अपनी जमीन बेच सकेंगे। हरियाणा पुलिस में 30 फीसद तक महिलाएं भर्ती करने का लक्ष्य है।

बगैर विज्ञापन के भर्ती होंगे डॉक्टर

मुख्यमंत्री ने बताया कि 550 नए डॉक्टर जल्द ही अस्पतालों मेें तैनात कर दिए जाएंगे। जो डॉक्टर बिना विज्ञापन के सरकारी सेवा में आना चाहते हैं, उन्हें उनकी योग्यता के अनुसार रखा जाएगा। वहीं, गुरुग्राम मेट्रोपोलिटन विकास प्राधिकरण ने रविवार से काम करना शुरू कर दिया। अलग हाई कोर्ट का मुद्दा उठाते हुए सीएम ने कहा कि जब तक चंडीगढ़ प्रशासन के न्यायालय का मामला सुलझ नहीं जाता तब तक जजों का अनुपात 50:50 किया जाए। जजों की संख्या बढ़ाने और अलग पीठ के लिए सर्वोच्च न्यायालय को पत्र लिखा है।

चुनौतियों से निपटने को तैयार : राज्यपाल

राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने पंचकूला में ध्वजारोहण कर वर्तमान में चल रही विभिन्न योजनाओं को डिजिटल इंडिया के अभियान में अहम करार दिया। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि देश को नई चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाने के लिए इस समय बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत, एक भारत-श्रेष्ठ भारत, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, डिजीटल इंडिया, स्टैंड अप इंडिया सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से जन-जागरण अभियान चल रहा है।

Comments are closed.