[post-views]

NCR में बदला मौषम का मिजाज, आंधी तूफ़ान से गुड़गांव में छा गया अंधेरा

73

PBK NEWS (अजय) : दिल्ली-एनसीआर में शनिवार शाम मौसम का मिजाज अचानक बदला। करीब 70 किमी/घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी आई। 5 बजे ही अंधेरा छा गया और बारिश हुई। खराब मौसम के चलते दिल्ली आने वाली 27 फ्लाइट को डायवर्ट करना पड़ा। वहीं, उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में तूफान-बिजली गिरने से 26 और महाराष्ट्र के ठाणे में 3 लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को भी उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 5 राज्यों में खराब मौसम से हुए हादसों में 48 की जान गई थी। बता दें कि महाराष्ट्र को कवर करते हुए मानसून तेजी से गुजरात और महाराष्ट्र की ओर बढ़ रहा है। मुंबई, ठाणे समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है।

घंटेभर में 27 फ्लाइट डायवर्ट हुईं

– न्यूज एजेंसी के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी के सूत्रों ने बताया कि आंधी-तूफान की वजह से दृश्यता अचानक घट गई। शाम 5 से 6 बजे के बीच आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली 27 फ्लाइट नजकीदी एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट की गईं।

दिल्ली में बारिश से पारा गिरा, गर्मी से राहत

– मौसम बदलने से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव, मेरठ, बागपत और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान में गिरावट आई। हफ्तेभर से भीषण गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को थोड़ी राहत मिली।

– शनिवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 30 और अधिकतम 41.4 डिग्री सेल्सियस था। जो मौसम बदलने से गिरकर 36 डिग्री पर आ गया। यहां आद्रता 71% रही।

रविवार को इन राज्यों में बारिश के आसार

– मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून अनुमान से एक दिन पहले 9 जून को ही मुंबई में दस्तक दे चुका है। अब यह महाराष्ट्र से गुजरात और मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है।

– रविवार को पंजाब, बिहार, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, प, बंगाल, ओडिशा, झारखंड, आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में बारिश के आसार हैं।

राजस्थान में अभी गर्मी से राहत नहीं

– राजस्थान के श्रीगंगानगर, झूंझनूं, चुरु, पिलानी, टोंक और सवाई माधोपुर में हल्की बारिश हुई। हालांकि, शनिवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में लोग गर्मी से बेहाल रहे। बीकानेर में पारा सबसे ज्यादा 42 डिग्री दर्ज हुआ। जैसलमेर, बीकानेर, अजमेर, जोधपुर, कोटा और जयपुर में तापमान 40 के आसपास बना रहा।

24 घंटे में 77 लोगों की मौत हुई

– शनिवार को उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में तूफान और बिजली गिरने से भारी नुकसान हुआ। हादसों में 26 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के ठाणे में भी 3 लोगों की जान गई। जबकि, 6 अन्य आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जख्मी हो गए।

– शुक्रवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत 5 राज्यों में बारिश और बिजली गिरने से हादसों में 48 लोगों की मौत हुई। बिहार में 24, उत्तर प्रदेश में 11, झारखंड में 9, ओडिशा और मध्य प्रदेश में दो-दो लोगों की जानें गई।

SOURCE : DAINIK BHASKAR

Comments are closed.