[post-views]

IAS की बेटी से छेड़छाड़ः महिला आयोग की चूक, हरियाणा पुलिस को थमाया नोटिस

40

PBK NEWS | चंडीगढ़। सीनियर आइएएस वीएस कुंडू की बेटी वर्णिका से छेड़छाड़ के हाई प्रोफाइल मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग की चूक सामने आई है। आयोग ने जल्दबाजी में हरियाणा पुलिस पर जांच में ढिलाई का आरोप लगाते हुए नोटिस जारी कर दिया, जबकि इस मामले में हरियाणा पुलिस की सीधे कोई भूमिका नहीं। पुलिस ने आयोग को पूरी स्थिति स्पष्ट करते हुए नोटिस वापस कर दिया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला और उसके साथी आशीष द्वारा चंडीगढ़ में लड़की का पीछा करने से जुड़े केस में यह नोटिस आया है। केंद्र शासित प्रदेश होने के कारण चंडीगढ़ पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ऐसे में हरियाणा पुलिस का इस मामले में कोई लेना-देना नहीं है। इसके बावजूद राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा जल्दबाजी में हरियाणा पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने पर सवाल उठने लगे हैं।

हरियाणा पुलिस ने आयोग के समक्ष पूरी तस्वीर साफ करते हुए मामले को चंडीगढ़ पुलिस का बताते हुए नोटिस वापस भेज दिया है। इसके बाद गलती सुधारते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग ने चंडीगढ़ पुलिस को नोटिस जारी कर शुरुआती जांच में ढिलाई पर जवाब तलब किया है।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति जयहिंद ने भी केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिख मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रखी है। हरियाणा महिला आयोग अभी तक इस प्रकरण पर चुप्पी साधे हुए है। दलील दी जा रही कि यह मामला चूंकि हरियाणा से संबंधित नहीं है, इसलिए महिला आयोग चुप है।

Comments are closed.