[post-views]

डोपिंग का डंक: भारत की शॉटपुटर मनप्रीत कौर डोप टेस्‍ट में नाकाम, छिन सकता है गोल्‍ड मेडल

107

PBK NEWS | नई दिल्ली: भारतीय एथलेटिक्‍स को डोपिंग के कारण बड़ा झटका लगा है. एशियाई चैंपियन शॉटपुटर मनप्रीत कौर डोप टेस्ट में नाकाम रही हैं. डोप टेस्‍ट में नाकाम रहने के कारण इस माह की शुरुआत में जीता उनका गोल्ड मेडल छिन भी सकता है.

भुवनेश्वर में हाल ही में संपन्न एशियाई चैंपियनशिप में पीला तमगा जीतने वाली मनप्रीत प्रतिबंधित स्टिम्युलेंट डाइमेथिलबुटिलेमाइन के सेवन की दोषी पाई गई हैं. यह टेस्ट एक से चार जून तक पटियाला में हुई फेडरेशन कप राष्ट्रीय चैंपियनशिप के दौरान राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक अधिकारियों ने किया था.

यदि उसका ‘बी’ नमूना भी पॉजिटिव आता है तो भारत को भुवनेश्वर में उसका जीता गोल्ड मेडल गंवाना पड़ेगा. भारतीय ऐथलेटिक्स महासंघ के एक अधिकारी ने बताया, ‘मनप्रीत को जून में फेडरेशन कप के दौरान हुए टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया. उनके मूत्र के नमूने में प्रतिबंधित स्टिम्युलेंट डाइमेथिलबुटिलेमाइन पाया गया है. हमें नाडा ने मंगलवार रात इसकी सूचना दी. ‘ मनप्रीत के कोच और पति करमजीत ने संपर्क करने पर कहा, ‘हमें इस बारे में अभी कुछ नहीं बताया गया है.’

चीन में अप्रैल में आयोजित हुए एशियन ग्रैंड प्रिक्स के दौरान मनप्रीत ने 18.86 मीटर की दूरी तक गोला फेंककर गोल्ड जीता था. ये ग्लोबल मीट के क्वालिफाइंग मार्क 17.75 मीटर से भी बेहतर था.  भुवनेश्‍वर में आयोजित हुए एशियन एथलेटिक्स मीट में उन्होंने 18.28 मीटर की दूरी के साथ गोल्ड जीता.

Comments are closed.