[post-views]

अंतरराष्ट्रीय संगीत उत्सव में भाग लेगा भारतीय सेना का बैंड

32

PBK NEWS | नई दिल्ली : भारतीय सेना के तीनों अंगों का एक सम्मिलित बैंड अंतरराष्ट्रीय सैन्य संगीत समारोह ‘स्पस्काया टॉवर’ में अपनी कला का प्रदर्शन करेगा। तीनों सेनाओं के इस बैंड में सात अधिकारी और 55 पीबीओआर शामिल हैं। तीन सितंबर तक चलने वाला यह समारोह गुरुवार से रूस की राजधानी मॉस्को में शुरू हो गया।

इस समारोह में रूस और दुनिया के अन्य देशों के सर्वश्रेष्ठ म्यूजिक बैंड शिरकत करते हैं। हर साल मॉस्को के लाल चौक में इसका आयोजन किया जाता है। दुनिया के बड़े संगीत समारोहों में से एक ‘स्पस्काया टॉवर’ में प्रतिवर्ष करीब 40 देशों के 1,500 से ज्यादा संगीतकार, सेनाओं से जुड़े लोग और कलाकार भाग लेते हैं। समारोह में सैन्य संगीतकार दुनिया के विभिन्न देशों की सैन्य, राष्ट्रीय और कला आधारित विविध परंपराओं का प्रदर्शन करते हैं।

गुरुवार को जारी एक सरकारी बयान में कहा गया है, ‘इस आयोजन में तीनों सेनाओं के सम्मिलित बैंड की भागीदारी से दोनों देशों के सैन्य बलों के संबंध बेहतर होंगे। साथ ही यह भारतीय सेनाओं के बैंड की पेशेवर कुशलता का भी द्योतक है।’

Comments are closed.