[post-views]

हरियाणा में स्‍मॉग का कहर जारी, सड़कों पर चलना हुआ मुश्किल

53

PBK NEWS | चंडीगढ़। हरियाणा लगातार चौथे दिन भी स्‍माॅग से ढ़का रहा। बृहस्‍पतिवार को सुबह से ही राज्‍य के अधिकतर हिस्‍से में घना कोहरा छाया हुआ है। इसके कारण सड़कों पर दृश्‍यता बहुत कम हाे गई और वाहनों का चलना मुश्किल हो गया। जीटी रोड सहित अधिकतर प्रमुख मार्गों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई मार्गों पर वाहनों की टक्‍कर भी हो गई अौर इन हादसों में कई लोग घायल हो गए। करनाल में जीटी रोड पर कई वाहन आपस में टकरा गए। इससे पांच लोग घायल हो गए।

राज्‍य में कैथल, कुरुक्षेत्र, जींद, पानीपत सहित विभिन्‍न स्‍थानों पर सुबह से ही घना कोहरा और स्‍मॉग छाया रहा। हिसार शहर में सुबह स्‍मॉग से कुछ राहत मिली और कम कोहरा छाया था, लेकिन बाहरी इलाकाें में स्‍मॉग की घनी चादर थी।

करनाल में जीटी रा‍ेड पर हादसा ग्रस्‍त कार।

रोहतक, सिरसा और अंबाला सहित अन्‍य स्‍थानों पर भी स्मॉग छाया हुआ है। इससे सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई बस डिपो से हरियाणा रोडवेज की बहुत कम बसें चल रही हैं। हिसार-चंडीगढ़, रोहतक से हिसार व अन्‍य जगहों के लिए बस सेवा प्रभावित हुई है। कम संख्‍या में बसें चलने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है।

कैथल में लगातार चौथे दिन स्‍मॉग छाया रहा। सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। जिले में ठंड भी काफी बढ़ गई है।  न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेलसियस दर्ज किया गया है। स्‍मॉग के कारण लोगों की आंखों में जलन हो रही है और सांस लेने में दिक्‍कत हो रही है।

स्‍मॉग की चादर से ढ़का कैथल शहर।

करनाल में स्मॉग ने फिर कहर बरपाया। सीएम सिटी में स्मॉग के कारण बृहस्पतिवार सुबह दृश्यता शून्य के करीब थी। इस कारण जीटी रोड पर करनाल-तरावड़ी के बीच करीब 15 वाहन आपस में भिड़ गए। हादसों में पांच लोगों को चोट आई हैं। उनको कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज में उपचार दिलाया गया।

कुरुक्षेत्र में छाया स्‍मॉग।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जीटी रोड से वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाया। हादसों के कारण जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम को सुचारू करवाया गया। स्मॉग के कारण यातायात पूरी तरह से ठहर सा गया। जीटी रोड पर वाहन रेंग-रेंगकर चले। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 24 घंटे में भी स्मॉग छाया रहेगा।

News Source:- www.jagran.com

Comments are closed.