[post-views]

केंद्र ने भेजी अर्धसैनिक बलों की 167 कंपनियां, सिरसा में लगाया गया कर्फ्यू

39

PBK NEWS | चंडीगढ़। साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम पर चल रहे केस के शुक्रवार को आने वाले फैसले के कारण हरियाणा और पंजाब सीमा को पूरी तरह सील किया गया है। स्थिति संभालने के लिए पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा ने मिलकर प्लानिंग की है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अर्धसैनिक बलों की 167 कंपनियां भेजी हैं।

वहीं सिरसा में जिलाधीश श्री प्रभजोत सिंह व पुलिस अधीक्षक श्री अश्विन शैणवी ने कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते हुए शहर व नजदीकी गांव बाजेकां, शाहपुर बेगु तथा नेजियाखेड़ा में कफ्र्यू लगाने के आदेश दिये हैं। इन आदेशों में जिलाधीश ने कहा है कि आज 24 अगस्त को रात्रि के 10 बजे के बाद उपरोक्त गांवों व सिरसा शहर में कोई भी व्यक्ति घर से बाहर न निकले। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था की स्थिति को मद्देनजर रखते हुए सेना को बुला लिया गया है। इन आदेशों की कड़ाई से पालना की जाए।⁠⁠⁠⁠

जबकि प्रदेश सरकार ने पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम तथा सिरसा के दलबीर सिंह इनडोर स्टेडियम को विशेष जेल घोषित किया है। चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम को पहले ही जेल घोषत किया जा चुका। पंचकूला सीबीआइ कोर्ट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस व अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं। हाईकोर्ट ने भी हरियाणा सरकार को सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ले रहे हैें फीडबैक

मुख्यमंत्री मनोहर लाल दिन भर चंडीगढ़ में रह कर अधिकारियों से फीडबैक लेते रहे। पंजाब के राज्यपाल वीपी बदनोर सिंह ने चंडीगढ़ प्रशासन व पुलिस अधिकारियों के साथ दो बार अहम बैठकें की। पंजाब राजभवन में ही दो बार पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ के अधिकारियों की भी अहम बैठकें हुईं।

Comments are closed.