[post-views]

सरकार के एक और मंत्री का ऐलान, हरियाणा में नहीं होगे किसानों के कर्ज माफ

41

PBK NEWS | चंडीगढ़। हरियाणा सरकार अब श्रमिक वर्ग को लुभाने की तैयारी में है। एक मई को मजदूर दिवस मनाने का विरोध कर चर्चा में आए प्रदेश के श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने सोनीपत में राज्य स्तरीय भगवान विश्वकर्मा जयंती मनाने का एलान किया है। यह समारोह 17 सितंबर को होगा, जिसमें केंद्रीय श्रम मंत्री बंगारू दत्तात्रेय व मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी शामिल होंगे। इस दिन श्रमिक कल्याण की कई घोषणाएं संभव हैैं।

हरियाणा पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा के साथ श्रम राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि राज्य स्तरीय समारोह में श्रमिकों के अलावा छोटे दुकानदार से लेकर बड़े उद्योगपतियों तक को आमंत्रित किया जाएगा। समारोह में इस दिन विभिन्न खेलों में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले श्रमिकों को भी सम्मानित किया जाएगा।

एक सवाल के जवाब में  नायब सैनी ने इस बात से इंकार कर दिया कि हरियाणा सरकार का किसानों के कर्ज माफ करने का कोई इरादा है। ऐसे ही संकेत पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ भी दे चुके हैैं। सैनी ने बराला और धनखड़ की बात दोहराते हुए कहा कि हम किसानों को इस स्थिति में लाएंगे कि वे आर्थिक रूप से कमजोर न रहें और कर्ज का भुगतान करने के साथ ही लाभ की स्थिति में आएं।

सैनी ने कांग्रेस में फूट होने और इनेलो के एसवाईएल पर चल रहे आंदोलन को हवाई करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अंदरूनी लड़ाई चल रही है और उनकी राजनीति समाप्त होने के कगार पर है। ऐसे में वे अपने आपको स्थापित करने के लिए किसानों को बरगला रहे हैं।

चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा ने बताया कि पलवल जिले में बनी विश्वकर्मा स्किल डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी में 300 तरह के कोर्स कराए जाएंगे। इस यूनिवर्सिटी के जिला स्तर पर केंद्र शुरू किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक युवाओं को तकनीकी कोर्स करवाकर रोजगार के काबिल बनाया जा सके।

Comments are closed.