[post-views]

भ्रष्टाचार के खिलाफ कपिल ने खोला मोर्चा, 7 दिन तक चलेगा जन जागरण अभियान

117

PBK NEWS | नई दिल्ली । रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार के खिलाफ हुए जन आंदोलन से दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने वाली आम आदमी पार्टी आज खुद भ्रष्टाचार के आरोप झेल रही है। भ्रष्टाचार के आरोप किसी और ने नहीं बल्कि पार्टी के नेता व दिल्ली सरकार में मंत्री रहे कपिल मिश्रा ने लगाए हैं।

मंत्री पद से हटाए जाने के बाद कपिल मिश्रा लगातार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमलावर रुख बनाए हुए हैं। कपिल ने अब इंडिया अगेंस्ट करप्शन के साथ मिलकर सात दिन के जन जागरण अभियान का एलान किया है। यह अभियान आजादपुर, चांदनी चौक, लाजपत नगर, करोल बाग, सरोजिनी नगर, लक्ष्मी नगर जैसी मार्केट में पदयात्रा के रूप में चलाया जाएगा।

इसकी शुरूआत शुक्रवार शाम आजादपुर से आम आदमी पार्टी विधायक कपिल मिश्रा शुरू करेंगे और दिल्ली विधानसभा में परचे फेंकने के बाद 30 दिन जेल भेजे गए ‘आप’ कार्यकर्ताओं का मुद्दा उठाएंगे। कपिल ने कहा कि जगदीप राणा और राजन मदान ने विधानसभा में भ्रष्टाचार के जिन मुद्दों को उठाया उनको दिल्ली की जनता तक पहुंचाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत 27 तारीख को जगदीप राणा और राजन जब तिहाड़ जेल से बाहर आ जाएंगे तब तिहाड़ जेल से राजघाट तक की यात्रा की जाएगी। कपिल मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल सरकार के लिए कई सवाल खड़े कर मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।

कपिल मिश्रा ने न सिर्फ अपने निलंबन पर पीएसी को सात दिन का नोटिस दिया है उन्होंने इंडिया अगेंस्ट करप्शन के जरिए दिल्ली सरकार के कई मामलों को भ्रष्टाचार का मामला बताते हुए मंत्रियों से इस्तीफा भी मांगा है।

Comments are closed.