बादशाहपुर, 20 मई, (अजय) : हरियाणा में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां पहले शुरू करने का बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश में 25 मई से स्कूलों में समर वेकेशन शुरू हो जाएंगी। इससे पहले छुट्टियां 1 जून से प्रस्तावित थीं, लेकिन मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए सरकार ने इन्हें छह दिन पहले लागू करने का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद विद्यार्थियों को अब शनिवार, 23 मई तक ही स्कूल जाना होगा, क्योंकि 24 मई रविवार है। ऐसे में बच्चों को तय समय से पहले ही राहत मिल जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा की अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक चली बैठक में यह अहम निर्णय लिया गया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं इसकी जानकारी देते हुए कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार ने स्थिति की समीक्षा कर यह फैसला लिया है। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे तापमान ने चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने हरियाणा के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और सात शहरों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का मानना है कि 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा के दौरान गर्मी और अधिक बढ़ सकती है। ऐसे में छोटे बच्चों को लू और तेज धूप से बचाने के लिए सरकार का यह फैसला राहत देने वाला माना जा रहा है। अभिभावकों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
[post-views]