[post-views]

हरियाणा भी दे फिल्म और कलाकारों को मान-सम्मान : पंकज डावर

46

गुरुग्राम (अजय) : प्रदेश कांग्रेस व्यपार सेल के चेयरमैन पंकज डावर ने हरियाणा सरकार पर राज्य के कलाकार और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रमोशन पर उपेक्षापूर्ण नीति अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि सांस्कृतिक कार्य विभाग मुख्यमंत्री के पास होने के बावजूद वे प्रदेश के कलाकारों को पूरा मान-सम्मान नहीं दे रहे हैं। डावर के अनुसार पड़ोसी राज्य पंजाब में लघु फिल्मों एवं कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए कई नीतियां अपनाई गई हैं। पंजाब में कलाकारों को जहां विभिन्न मंचों पर प्रमोट किया जाता है, वहीं फिल्म आदि बनाने पर उन्हें आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है। यही कारण है कि पंजाबी कलाकार व पंजाबी गायक केवल देश भर में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी धूम मचा रहे हैं। इससे जहां प्रदेश को राजस्व प्राप्त हो रहा है, वहीं प्रदेश क सांस्कृतिक गतिविधियां पूरे विश्व के लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। उन्होंने पंजाब में इस कार्य को प्रोत्साहन देने के लिए वहां के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह का धन्यवाद भी किया। साथ ही श्री डावर ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भी सुझाव दिया है कि वे पंजाब की तर्ज पर प्रदेश के कलाकारों के लिए भी कोई बेहतर नीति बनाएं, जिससे हरियाणवी फिल्मों, हरियाणी संस्कृति और हरियाणवी लोक गीतों का विश्व भर में बेहतर ढंग से प्रचार और प्रसार हो सके। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मुख्यमंत्री प्रदेश के कलाकारों को मान-सम्मान देने के लिए इस पर अवश्य विचार करेंगे।

PBK NEWS Team : Mobile : 9211510857, E-Mail : pbknews1@gmail.com

Comments are closed.