[post-views]

युवक कांग्रेस ने ‘चायवाला’ कह मोदी का उड़ाया मजाक, BJP ने मांगा सोनिया-राहुल से जवाब

31

PBK NEWS | नई दिल्ली । गुजरात चुनाव से पहले कांग्रेस ने एक ऐसा कदम उठा लिया है, जो उसके लिए आत्मघाती साबित हो सकता है। पार्टी यूथ विंग युवक कांग्रेस ने मंगलवार को पर्चे बांटे हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘चायवाला’ बताकर मजाक उड़ाया गया है। भाजपा ने इसकी तीखी प्रतिक्रिया की है। उसका कहना है कि इस हरकत से कांग्रेस का चरित्र उजागर हो गया है।

इन पर्चो को ट्विटर पर भी पोस्ट किया गया है। पर्चो में मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्रिटिश प्रधानमंत्री टेरीजा मे को दिखाया गया है। मोदी दोनों नेताओं से विपक्ष को लेकर कुछ कह रहे हैं। उन्होंने कुछ गलत उच्चारण कर दिया। इस पर ट्रंप उन्हें बताते हैं कि सही शब्द क्या है। वहीं टेरीजा मे यह कहकर मोदी का मजाक उड़ाती दिखाई गईं हैं कि तुम ‘चायवाले’ क्या जानो? जाओ, चाय बेचो।

हालांकि विवाद बढ़ने के बाद ट्विटर से पर्चे वाली पोस्ट डिलीट कर दी गई। इससे पहले ट्वीट के सामने आने के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से सवाल किया। उन्होंने लिखा, युवक कांग्रेस की यह हरकत और गरीब विरोधी मानसिकता भारतीय गरीबों के प्रति अपनी मानसिकता को दर्शाता है। युवराज कुछ कीजिए। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने नाराजगी जाहिर करते हुए इस ट्वीट को गरीब विरोधी बताया। अपने ट्वीट में विजय रुपाणी ने लिखा है, ‘यूथ कांग्रेस द्वारा गरीब विरोधी और वर्गभेदी ट्वीट भारत के गरीबों के प्रति उनकी मानसिकता को दिखाता है। क्या क्राउन प्रिंस राहुल गांधी इसका समर्थन करते हैं?

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, जेपी नड्डा, पीयूष गोयल ने भी पोस्ट पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है।  रविशंकर प्रसाद ने पूछा, ‘मैडम सोनिया गांधी और राहुल गांधी क्या आप ये यकीन रखते हैं कि भारत पर राज करने का दिव्य अधिकार आपके पास ही है? आज कोंग्रेस पार्टी का अहंकार और ग़रीबों के प्रति उनकी अपमानजनक सोच फिर एक बार उजागर हो गयी है। क्या ग़रीब परिवार के लोगों को भारत का प्रधानमंत्री बनने का अधिकार नहीं है?सोनिया गांधी और राहुल गांधी को देश के सभी ग़रीबों का अपमान करने वाले यूथ कोंग्रेस के इस ट्वीट का जबाव देना होगा।’

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के आधिकारिक ट्विटर हैंडल की ओर से कहा गया है कि ऐसे ट्वीट हमारे मंत्रियों को परेशान करने के लिए हैं। उधर, कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने सफाई देते हुए कहा कि कांग्रेस में पीएम और सभी विरोधी नेताओं के सम्मान की संस्कृति है।

News Source: jagran.com

Comments are closed.