[post-views]

90 विधानभाओं में तिरंगा यात्रा निकालेगी भाजपा : धनखड़

2,437

भारतीय जनता पार्टी 22 जुलाई को हिसार में एक महत्वपूर्ण बैठक करने जा रही है। प्रदेश के 311 मंडल अध्यक्ष, सभी जिलों के जिला अध्यक्षों को बैठक में आमंत्रित किया गया है। बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब और प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के अलावा प्रदेश महामंत्री भी शामिल होंगे। बुधवार को गुरुग्राम स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय गुरुकमल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह जानकारी प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने दी। श्री धनखड़ ने बताया कि मिशन-2024 की दृष्टि से यह बैठक बहुत ही खास होगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और रणनीति को फाइनल स्वरूप दिया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने अपने तीन साल के सफल कार्यकाल के दौरान हुए कार्यक्रमों, चुनौतियों और उपलब्धियों को भी पत्रकारों के साथ साझा किया।

प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि भाजपा प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में तिरंगा यात्रा निकालेगी। इस अभियान में भाजपा के सभी मोर्चा शामिल होंगे। इसके अलावा बूथ सशक्तिकरण को लेकर अभियान शुरू किया जाएगा। मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर जून माह में चलाए गए अभियान के तहत जो कार्यक्रम रह गए हैं उन्हें भी पूरा किया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 23 जुलाई को 6 पन्ना प्रमुख सम्मेलनों का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि सोनीपत में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, सांपला और महेंद्रगढ़ में प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब, हथीन, होड़ल और पटौदी में मैं स्वयं रहूंगा। अब तक 34 पन्ना प्रमुख सम्मेलन हो चुके हैं। 23 जुलाई को 40 पन्ना प्रमुख सम्मेलन पूरे हो जाएंगे। 31 अगस्त तक सभी विधानसभाओं में पन्ना प्रमुख सम्मेलनों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

नगर निगम के चुनावों पर पूछे गए सवाल पर श्री धनखड़ ने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। फरीदाबाद, गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम के अलावा पांच अन्य निगम चुनाव भी होने हैं। हम पन्ने तक पहुंच चुके हैं, ऐसे में चुनाव हमारे लिए उत्सव की तरह है। जैसे ही चुनाव आयोग चुनाव की घोषणा करेगा पार्टी पूर्णतया तैयार है।

अपने तीन साल के कार्यकाल पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें यह दायित्व बहुत ही चुनौतीपूर्ण वातावरण में मिला था। कोरोना महामारी और किसान आंदोलन चरम पर था। मुझे अपने कार्यकर्ताओं और पूरी टीम पर फक्र है कि ऐसे वातावरण में हमनें काम करना शुरू किया और आगे बढ़ते चले गए। पहला सफल आयोजन 90 की 90 विधानसभाओं में तिरंगा यात्रा निकालकर किया। हम आगे बढ़े और संगठनात्मक दृष्टि से त्रिदेव पर काम करना शुरू किया। उन्होंने आनंदित होते हुए कहा कि 83 विधानसभाओं में त्रिदेव के कार्यकर्ता तय किए और सभी के सम्मेलन किए।

  धनखड़ ने बताया कि संगठन को और अधिक मजबूती देने की यात्रा जारी रही। त्रिदेव से उपर की रचना हमारी शक्ति केंद्र प्रमुख की है। हमने शक्ति केंद्र प्रमुखों की हर जिले में कार्यशाला की। इसी समय में आजादी का 75वां वर्ष मनाया गया और एक अदभुत अनुभव से हम सभी गुजरे हैं। उन्होंने कहा कि वह समय भाव पूर्ण था, देश भक्ति से परिपूर्ण था। भावनाओं से भरे हुए पल में कार्यकर्ताओं के साथ अंडेमान निकोबार द्वीप समूह गए। हमनें उन वीरों को वहां भावांजलि अर्पित की, जो आजादी के लिए लड़े थे जिनको देश की मिट्टी भी नसीब नहीं हुई थी, जिनका अंतिम संस्कार नहीं हुआ था, जिन्हें समुद्र में बहा दिया गया था, उन वीरों को नमन किया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने 20 दिसंबर 1943 में जहां तिरंगा लहराया था हमने वहां तिरंगा लहराया और उस गौरव के पल को महसूस किया। वहां से लौटकर 23 जनवरी को पूरे प्रदेश के हर शहर, वार्ड, कस्बा व गांव में जयहिंद पोस्ट का कार्यक्रम रखा और 5 हजार शहीद परिवारों का सम्मान किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमने अपने काम को आगे बढ़ाया और पन्ना प्रमुख बनाने का लक्ष्य रखा। 3 लाख 46 हजार पन्ने हैं जिस पर हम ढाई लाख पन्ना प्रमुख बना चुके हैं जो रिकार्ड में चढ़ चुके हैं। संगठन गढ़े चलो, पंथ पर बढ़े चलो के मंत्र के साथ हमारे लाखों कार्यकर्ता संगठन की मजबूती के लिए काम कर रहे हैं। कोरोना काल में जिस प्रकार हमारे कार्यकर्ताओं ने काम किया लोगों की सेवा की उससे मैं अभिभूत हूं। जब कोई पूछता है कि आपने भगवान को देखा है तो मैं यही कहता हूं कि कार्यकर्ताओं में मुझे भगवान के दर्शन होते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का परिवार लगातार बढ़ रहा है। लगभग 22 से 23 लाख सदस्य हैं। पन्ना प्रमुख सम्मेलन पूरे होने के बाद हमारे पास पांच लाख सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम खड़ी हो जाएगी जिनसें हम सीधी बात कर सकते हैं और उन्हें कोई भी काम दे सकते हैं। कार्यकर्ताओं के बल पर हमने जून महीने में 9 सफल रैलियां की। सबसे महत्वपूर्ण बात तो यह है कि 25 जून को एक साथ तीन रैलियों का आयोजन किया गया और दो पन्ना प्रमुख सम्मेलन हुए। हमारे कार्यकर्ता जज्बे के साथ काम करते हैं और मुझे उनके साथ काम करने पर फक्र होता है।

Comments are closed.