[post-views]

रामपाल प्रकरण से बहुत कुछ सीखा, वैसा माहौल नहीं होने देंगे पैदा : डीजीपी

38

PBK NEWS | हिसार। हरियाणा पुलिस के महानिदेशक बीएस संधू ने कहा कि डेरा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम की 25 अगस्त को होने वाली पेशी को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद और तैयार है। सभी पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। हमे उम्मीद है कि डेरा प्रमुख कोर्ट में पेश होंगे। इस दौरान शांति बनी रहेगी।

हिसार के जिओ मेस में रविवार को पत्रकारों से बातचीत में संधू ने कहा कि प्रदेश में कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है। फ़ोर्स आज शाम तक सभी जिलों में पहुंच जाएगी। उसके बाद फ्लैग मार्च किए जाएंगे। धारा 144 लगाने को लेकर निर्णय जिला प्रशासन के अधिकारी लेंगे। सोशल साइट को लेकर हम नज़र बनाए हुए है। माहौल को देखते हुए ही इंटरनेट बंद करने का निर्णय लिया जाएगा। शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर हर कदम उठाए जाएंगे।

रामपाल प्रकरण में हुई गलतियों को लेकर डीजीपी ने कहा कि उस प्रकरण से पुलिस को काफी कुछ सीखने को मिला है। वैसा माहौल सिरसा में पैदा नहीं होने दिया जाएगा। वहीं, उन्होंने कहा कि सिरसा डेरे में जाने से किसी आदमी को रोका नहीं जा रहा है, लेकिन उनकी चेकिंग की जा रही है कि कोई हथियार लेकर तो नहीं आया है।

राजस्थान, पंजाब,उतर प्रदेश ,दिल्ली ,चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश की सीमाओं पर चेकिंग अभियान शुरू हो चुका है। हरियाणा की सीमाओं के साथ लगते राज्यों का पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से सतर्क है और अपने स्तर पर जांच अभियान चलाए हुए है। 35 कंपनियों के बाद भी पुलिस की कमी को देखते हुए और कंपनिया मांगी गई है। जहा उन्होंने अफवाहों से बचने की अपील आम जनता से की। वही उन्होंने शरारती तत्वों के चलते सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान नही पहुंचे इसको लेकर पुलिस फ़ोर्स ने प्लानिंग बनाई है।

उधर, भिवानी में पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह भौरिया  ने जिला में तैनात सभी उप पुलिस अधीक्षकों, प्रभारी थाना व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ बैठककर सुरक्षा व कानून व्यवस्था की स्थिती से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। भौरिया ने बताया कि डेरा सच्चा सौदा के अनुयायियों के साथ वार्ता कर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा शांति समिति के साथ बैठक कर स्थिति के बारे में अवगत कराकर सहयोग की अपील की जा रही है।

भिवानी में अभ्यास करते जवान।

जवानों को कराया गया अभ्यास

जिला पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था की विकट परिस्थिति से निपटने के लिए जवानों को पुलिस लाईन में अभ्यास कराया जा रहा है। विशेष रूप से चलाए गए अभ्यास कार्यक्रम के तहत जिला में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों व जवानों को अभ्यास कराया जाएगा। अभ्यास कार्यक्रम उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय   चंद्रपाल के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। अभ्यास के दौरान जवानों को कानून व्यवस्था स्थिति के दौरान दंगा निरोधक उपकरण चलाने के साथ व्यवहार बारे में जरूरी जानकारी दी जा रही है।

Comments are closed.