[post-views]

सुषमा के बयान से चिढ़े चीन ने दी युद्ध की धमकी, कहा- इस बार भी हारेगा भारत

40

PBK NEWS | नई दिल्ली। डोकलाम विवाद पर गुरुवार को संसद से चीन को आड़े हाथों लेने वाली विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के बयान को लेकर चीनी मीडिया में तीखी प्रतिक्रिया छपी है। चीनी मीडिया ने सुषमा स्वराज के बयान को झूठा बताया है। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने अपने संपादकीय में लिखा है ‘भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अपने देश के सांसदों के सामने झूठ बोल रही हैं। क्योंकि सच्चाई यह है कि भारतीय सैनिकों ने चीनी इलाकों में अतिक्रमण किया है। भारत के इस कदम से अंतरराष्ट्रीय समुदाय हैरान है और इसको लेकर विश्व का कोई भी देश भारत का समर्थन नहीं करेगा।’

ग्लोबल टाइम्स में लेख के जरिए चीन ने भारत को युद्ध की धमकी भी दी है। लेख में लिखा है ‘सैन्य शक्ति के मामले में भारत चीन से काफी पीछे है। अगर भारत ने युद्ध का जोखिम उठाया तो निश्चित ही उसकी हार होगी। चीन कभी दोनों देशों के सैनिकों की वापसी जैसे समाधान को स्वीकार नहीं करेगा।’

गौरतलब है कि सुषमा स्वराज ने संसद के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को डोकलाम विवाद पर राज्यसभा में बयान दिया था। उन्होंने प्रश्न काल के दौरान एक पूरक सवाल के उत्तर में कहा कि भारत चीन के साथ सीमा विवाद का हल बातचीत के जरिये करना चाहता है। लेकिन इसके लिए पहले दोनों देशों को डोकलाम से अपनी सेनाओं को पीछे लेना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने चीन के साथ जारी विवाद पर कई देशों को बताया है और इन देशों ने माना है कि भारत का पक्ष सही है। वे इस बात को समझ रहे हैं कि कानून भारत के साथ है।

सुषमा स्वराज ने कहा कि चीन ने मनमाने तरीके से सिक्किम-भूटान सीमा (डोकलाम) को लेकर जारी विवाद पर स्थिति में बदलाव की कोशिश की है। लेकिन चीन की तरफ से यह कोशिश भारत की सुरक्षा के लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो सकती है। इसके साथ स्वराज ने मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति को खत्म करने के लिए अपना फार्मूला भी पेश कर दिया है। इसके मुताबिक दोनों देशों को अपनी-अपनी सेना को पीछे लाना पड़ेगा।

Comments are closed.