[post-views]

हिमाचल में प्रचार थमा, भाजपा ने 197 तो कांग्रेस ने कीं 65 सभाएं

35

PBK NEWS | शिमला। हिमाचल में विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार शाम प्रचार थम गया है। प्रचार में सत्तारूढ़ कांग्रेस के मुकाबले भाजपा ने शुरू से तेजी बनाए रखी। पार्टी ने चुनाव प्रचार व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया। कांग्रेस ने 65 और भाजपा ने 197 जनसभाएं कीं।

कांग्रेस मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सहारे रही, जबकि भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह सहित कई बड़े नेताओं को प्रचार में उतारा। मोदी ने पांच जिलों में सात रैलियां कीं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, आठ केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री वोट मांगने पहुंचे।

भाजपा के 68 रथों ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, जगत प्रकाश नड्डा, स्मृति ईरानी, नितिन गडकरी, प्रकाश जावड़ेकर, राधा मोहन सिंह, थावरचंद गहलोत, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री टीएस रावत, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित कई नेता प्रचार में उतरे।

मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल ने अकेले 38 चुनावी सभाएं कीं। उधर, कांग्रेस की ओर से महज 65 जनसभाएं आयोजित की गई। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के तूफानी दौरे की तीन जनसभाएं भी चुनावी सभाओं में शामिल हैं। अकेले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 49 चुनावी रैलियों को संबोधित किया। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, अभिनेता राज बब्बर भी प्रचार के लिए पहुंचे। कांग्रेस के नेताओं- सचिन पायलट, रणदीप सिंह सुरजेवाला व शीला दीक्षित ने केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

News Source:- www.jagran.com

Comments are closed.