[post-views]

अवैध निर्माणों पर नगर निगम की ताबड़तोड़ कार्रवाई, बिना नक्शा पास कराए निर्माण करने वालों पर गिरी गाज : डॉ. नरेश कुमार

1,593

बादशाहपुर, 2 नवम्बर (अजय) : नगर निगम गुरुग्राम ने शहर में तेजी से बढ़ रहे अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कई जगहों पर बिना नक्शा पास कराए बनाए जा रहे ढांचों को ध्वस्त किया तो वही कई जगह इमारतों को सीलिंग की कार्यवाही की है। ज़ोन 1 संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि यह अभियान निगम आयुक्त प्रदीप दहिया के सख्त निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के लिए मकान, दुकान, इमारतों या किसी भी प्रकार के निर्माण से पहले नक्शा पास करवाना अनिवार्य है। डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण न केवल नगर सौंदर्य को बिगाड़ते हैं, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर खतरा उत्पन्न करते हैं। कई बार बिना इंजीनियरिंग मानकों के बनाए गए भवन लोगों की जान-माल के लिए जोखिम बन जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति या संस्था बिना अनुमोदन के निर्माण करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और निर्माण को तुरंत ध्वस्त किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर के सुव्यवस्थित विकास में सहयोग करें और नियमों का पालन करें। निगम की ओर से कहा गया है कि वैध नक्शा पास कराने की प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी कर दी गई है ताकि किसी को असुविधा न हो। डॉ. नरेश कुमार ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज गति से चलेगा तथा अवैध निर्माणों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।

Comments are closed.