[post-views]

साक्षात्कार : गुरुग्राम कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर से खास बातचीत

गुरुग्राम में भाजपा सरकार ने सिर्फ दिखावा किया, असल विकास और रोजगार गायब है

3,484

बादशाहपुर, 2 नवम्बर (अजय) : गुरुग्राम कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर ने एक विशेष बातचीत में प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार पर तीखे शब्दों में निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा दिवस के मौके पर जहाँ सरकार अपनी उपलब्धियों का बखान कर रही है, वहीं जमीनी स्तर पर जनता के मुद्दे जस के तस हैं। रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्र पूरी तरह उपेक्षित हैं, और गुरुग्राम जैसे कॉर्पोरेट शहर में भी आम आदमी संघर्ष कर रहा है।
पंकज डावर ने कहा भाजपा सरकार सिर्फ पोस्टर और इवेंट की राजनीति कर रही है। असली विकास वहाँ होता है जहाँ गांवों, कॉलोनियों, वार्डों और स्कूलों में सुविधाएँ पहुँचें। लेकिन गुरुग्राम में स्थिति उलट है सड़कों पर गड्ढे, अस्पतालों में स्टाफ की कमी, और सरकारी स्कूलों की हालत खराब।” उन्होंने कहा कि रोजगार का वादा केवल भाषणों में रह गया है। गुरुग्राम में हजारों युवाओं के पास डिग्री है, पर नौकरी नहीं।

 उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी आने वाले समय में एकजुटता के साथ हर वर्ग के बीच जाएगी। हमारा फोकस है — जनता से सीधा संवाद, मुद्दे-आधारित राजनीति और युवाओं को अवसर। कांग्रेस कार्यकर्ता हर सेक्टर और गांव में जाकर बताएँगे कि भाजपा के 10 वर्षों में गुरुग्राम को क्या मिला — बढ़ता प्रदूषण, ट्रैफिक जाम, और असमान विकास।

  पंकज डावर ने आगे कहा कि गुरुग्राम में केवल बड़ी इमारतें और कॉर्पोरेट टावर खड़े कर देने से शहर विकसित नहीं हो जाता। “यह शहर तभी समृद्ध होगा जब यहाँ का किसान, मजदूर, दुकानदार और विद्यार्थी खुश होगा। भाजपा ने स्वास्थ्य तंत्र को भी कमजोर किया है — सरकारी अस्पतालों में दवाइयाँ और विशेषज्ञ डॉक्टर तक नहीं हैं। शिक्षा का हाल यह है कि अभिभावक मजबूर होकर महंगे प्राइवेट स्कूलों में अपने बच्चों को भेज रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के बीच सच्चे विकास की नीति लेकर आएगी। हम युवाओं को स्थानीय रोजगार देंगे, सरकारी स्कूलों को स्मार्ट बनाएँगे और स्वास्थ्य सेवाएँ सुलभ करेंगें। गुरुग्राम के हर नागरिक को यह महसूस होना चाहिए कि सरकार उनके दरवाजे पर है, न कि केवल मंचों पर भाषण दे रही है। अंत में उन्होंने कहा कि 2024 के बाद से जनता अब भ्रम में नहीं आएगी गुरुग्राम परिवर्तन चाहता है, और कांग्रेस ही इस बदलाव का नेतृत्व करेगी।

फोटो : पंकज डावर (शहरी जिला अध्यक्ष) गुरुग्राम कांग्रेस

Comments are closed.