गुरुग्राम : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश को संबोधित करते हुए कई बड़े ऐलान किए। उनके इस ऐतिहासिक भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता मुकेश जैलदार ने कहा कि पीएम मोदी ने युवाओं के लिए नई रोजगार योजना की शुरुआत कर भविष्य की पीढ़ी को सुनहरे अवसरों का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि यह कदम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा और देश की आर्थिक प्रगति को और तेज करेगा।
मुकेश जैलदार ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर निर्माण को लेकर भी बड़ा ऐलान किया है, जिससे भारत तकनीकी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा और विदेशी आयात पर निर्भरता घटेगी। यह न केवल डिजिटल इंडिया मिशन को गति देगा, बल्कि लाखों रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा। सबसे महत्वपूर्ण घोषणा जीएसटी को लेकर रही। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार जल्द ही नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधार लागू करेगी, जिसके तहत टैक्स दरें कम होंगी। इसका सीधा असर उपभोक्ताओं तक पहुंचेगा क्योंकि वस्तुओं और सेवाओं की कीमतें घट सकती हैं। जैलदार ने आगे कहा कि इस घोषणा का असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिलेगा। खासतौर पर FMCG सेक्टर्स से जुड़े स्टॉक्स में उछाल आ सकता है, क्योंकि कम टैक्स और सस्ती वस्तुओं से मांग बढ़ेगी। उन्होंने इसे ‘विकसित भारत’ की दिशा में एक मजबूत कदम बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का विजन हर वर्ग को साथ लेकर चलने का है। युवाओं, किसानों, महिलाओं और उद्योग जगत के लिए एक साथ नई नीतियों का रोडमैप प्रस्तुत कर प्रधानमंत्री ने यह साबित कर दिया है कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व अर्थव्यवस्था की अग्रणी शक्तियों में से एक होगा।
Comments are closed.