[post-views]

योगी सरकार में बढ़े हैं महिला उत्पीड़न के मामले: सुष्मिता

113

PBK NEWS | पंतनगर : कांग्रेस महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव शुक्रवार को कुमाऊं के तीन दिवसीय दौरे पर दिल्ली से पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचीं। यहां महिला मोर्चे के पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सुष्मिता देव ने कहा कि उप्र की योगी सरकार के कार्यकाल में महिला उत्पीड़न के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है।

हिमाचल और गुजरात चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर सुष्मिता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पुन: सरकार बनाने जा रही है। गुजरात में भी कांग्रेस को काफी सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए अब समय कम है, पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करने के लिए वह कुमाऊं के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंची हैं।

उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक वह नैनीताल, अल्मोड़ा एवं ऊधमसिंह नगर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर आगामी चुनाव की रूपरेखा तय करेंगी। साथ ही अल्मोड़ा में पूर्व सीएम हरीश रावत के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगी। राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की एक प्रक्रिया होती है, जिसका हम पालन करेंगे और शीघ्र ही यह सब होने वाला है।

News Source: jagran.com

Comments are closed.