[post-views]

MCG : रंगभूमि ओपन एयर थिएटर के मंच पर कत्थक शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति

40

गुरूग्राम, 22 जुलाई। नगर निगम गुरूग्राम के सौजन्य से रंगभूमि ओपन एयर थिएटर के मंच पर कत्थक शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति हुई। हल्की-हल्की बूंदाबांदी ने प्रसिद्ध एवं अंतर्राष्ट्रीय कत्थक कलाकार शोभना झा एवं उनकी टीम की प्रस्तुति को और भी मनमोहक बना दिया। कलाकारों ने अपने नृत्य के माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया तथा यह संदेश दिया कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरूषों से कम नहीं हैं। 25 वर्षीय शोभना झा गुरूग्राम की रहने वाली हैं तथा उन्होंने मात्र 6 वर्ष की आयु से ही कत्थक की शिक्षा लेनी प्रारंभ कर दी थी। उन्होंने कत्थक की प्रारंभिक शिक्षा गोरखपुर में कत्थक गुरू हनुमान प्रसाद से ली तथा बाद में कत्थक केन्द्र दिल्ली में गुरू राजेन्द्र गंगानी से उन्होंने आगे की शिक्षा ग्रहण की। शोभना कत्थक में स्नात्तकोत्तर की उपाधि प्राप्त हैं तथा लगभग 15 देशों में अपना नृत्य प्रस्तुत कर भारत एवं गुरूग्राम का नाम रोशन कर चुकी हैं। यही नहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत आगमन पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में भी वे अपनी प्रस्तुति कर चुकी हैं।
शोभना के अनुसार शास्त्रीय नृत्य केवल नृत्य ही नहीं, बल्कि भगवान की पूजा है। शास्त्रीय नृत्य एक साधना, अनुशासन एवं योग है, जिससे हमें तनाव से मुक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में हम पाश्चात्य संस्कृति की ओर आकर्षित होकर उसकी तरफ दौड़ रहे हैं और अपनी संस्कृति को भूलते जा रहे हैं। इसके विपरीत पाश्चात्य संस्कृति वाले देशों के नागरिक भारतीय संस्कृति को अपना रहे है। उन्होंने गुरूग्राम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए नगर निगम आयुक्त यशपाल यादव तथा उनकी पूरी टीम की सराहना की तथा कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से युवा पीढ़ी को अपनी कला और संस्कृति से जुडऩे का मौका मिल रहा है। उन्होंने गुरूग्राम में मौका मिलने पर नगर निगम का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में गुरूग्राम के पुलिस आयुक्त केके राव की धर्मपत्नी श्रीमती इंदु राव ने शिरकत की तथा अपने संबोधन में कहा कि हमें बेटियों को आगे बढऩे के लिए हमेशा प्रेरित करना चाहिए। आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी बेटियों को आगे बढ़ाने में उनकी मदद करें।

Comments are closed.